वो सच्चा इंसान – डॉ. प्रियंका सौरभ

सौरभ सबको जो रखे, जोड़े एक समान।

चुभे आलपीन-सा सदा, वो सच्चा इंसान।।

 

मीठे मुख के लोग तो, करते झूठा प्यार,

मतलब होते ही बदलें, अपने सब व्यवहार।

जो दुख में भी साथ दे, वही सही पहचान—

चुभे आलपीन-सा सदा, वो सच्चा इंसान।।

 

कड़वी बातें बोलकर, देता सही सुझाव,

भीतर जिसके प्रेम हो, वही भरेगा घाव।

सच की राहों पर चले, रखे सदा ईमान—

चुभे आलपीन-सा सदा, वो सच्चा इंसान।।

 

झूठे रिश्तों की यहाँ, लगती रोज़ नुमाइश,

चेहरों वाली भीड़ में, कहाँ रही आज़माइश।

जो दिल से दिल जोड़ दे, वही बने वरदान—

चुभे आलपीन-सा सदा, वो सच्चा इंसान।।

 

‘सौरभ’ कहे समाज में, दुर्लभ ऐसे लोग,

अपने दुख को पी गए, हरते जग के रोग।

मानवता की राह पर, जिनका ऊँचा मान—

चुभे आलपीन-सा सदा, वो सच्चा इंसान।।

– डॉ. प्रियंका सौरभ, उब्बा भवन, आर्यनगर,

हिसार (हरियाणा) – 125005, मोबाइल: 7015375570

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *