द दून वैली पब्लिक स्कूल मे सरदार पटेल जी की 151वीं जयन्ती धूम-धाम से सम्पन्न

vivratidarpan.com देवबंद — द दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं एवं भाषणों के माध्यम से सभी को प्रभावित किया तथा सरदार पटेल द्वारा भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर एकता रैली को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राष्ट्रीय एकता के नारों के माध्यम से नगरवासियों को जागरूक करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय एकता पर एक विशेष सत्र का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती तनुज कपिल एवं उप-प्रधानाचार्य हरदीप सिंह द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, देश सेवा करने तथा राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक ताकत हमारी एकता में निहित है। हमें सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं विद्यार्थियों द्वारा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन ने न केवल सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को भी और अधिक सुदृढ़ किया।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *