vivratidarpan.com देवबंद — स्टेट हाईवे पर साईं धाम के निकट बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवबंद की अनवर शाह कॉलोनी निवासी एक परिवार मुजफ्फरनगर से दवाई लेकर कार द्वारा वापस अपने घर लौट रहा था। बताया जाता है कि रात करीब नौ बजे जब उनकी कार स्टेट हाईवे पर साईं धाम के निकट पहुंची, तभी आगे चल रहे एक ट्रक में कार अनियंत्रित होकर पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए देवबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने कार चालक मुकेश निवासी लेसवाड़ा, देवबंद तथा मोहम्मद एजाज को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सहारनपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दो लोगों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद
