vivivratidarpan.com पटना( डॉ अनमोल कुमार) । मेरा युवा भारत, पटना (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना के सहयोग से माय भारत के ‘विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान 400 युवा स्वयंसेवकों ने चुनावी प्रक्रिया और मतदान के अधिकारियों को जाना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शशि रंजन, महामंत्री (BJYM) निदेशक, बिहार श्री कपिल देव राम, जिला युवा अधिकारी, पटना श्रीमती निशा कुमारी, सहायक प्राध्यापक सह नोडल अधिकारी डॉ. सोमनाथ प्रधान, यूथ आइकॉन सुश्री आयुषी आर्या एवं महामंत्री श्री बिजेयम शशि रंजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान यूथ आइकॉन सुश्री आयुषी आर्या ने युवाओं को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर एक इंटरैक्टिव सवाल-जवाब सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने चुनाव, मतदान प्रक्रिया, मतदाता अधिकार एवं नागरिक जिम्मेदारियों से संबंधित अपने सवाल रखे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। इस संवादात्मक सत्र ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने तथा चुनावी प्रक्रिया में अपनी भूमिका को लेकर जागरूक होने का अवसर प्रदान किया।
राज्य निदेशक श्री कपिल देव राम ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय, जिम्मेदार एवं सोच-समझकर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था।
डॉ. सोमनाथ प्रधान ने कहा कि ‘विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें’ पहल युवाओं को लोकतंत्र की बुनियादी प्रक्रियाओं से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। इसके माध्यम से युवाओं को जनप्रतिनिधियों, यूथ आइकॉन एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होता है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की जागरूकता, सक्रिय भागीदारी एवं जिम्मेदार मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक जागरूक मतदाता ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सहभागी और सशक्त बनाने में योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में एनएसएस आईआईटी पटना के 400 युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बबलु कुमार, दिनकर आनंद, परणभा महिगा एवं तनिष्क राज का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
